रामनगर पुलिस का बड़ा खुलासा: स्कूल से चोरी लैपटॉप और नकदी के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
एंकर:
रामनगर पुलिस ने स्कूल में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का लैपटॉप, नकदी, ब्लूटूथ स्पीकर समेत वारदात में इस्तेमाल किया गया पाना बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वीओ:
रामनगर थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को कानिया निवासी कैलाश चंद्र पांडेय ने अपने स्कूल से लैपटॉप और करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने FIR संख्या 261/26 के तहत धारा 331(4)/305(ए) BNS में मुकदमा दर्ज किया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीरूमदारा वाइन शॉप के पास कार क्विड संख्या UK-03B-9295 से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय संदीप कुमार निवासी हल्द्वानी और 25 वर्षीय उज्जवल सिंह परगाई निवासी जीतपुर नेगी, देवलचौड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने संदीप कुमार के कब्जे से Acer कंपनी का लैपटॉप, चार्जर और 3100 रुपये नकद बरामद किए। वहीं उज्जवल सिंह के कब्जे से 2900 रुपये नकद और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दौरान ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया पाना भी बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। संदीप कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल छह और उज्जवल सिंह के खिलाफ पांच अभियोग दर्ज हैं।
रामनगर पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

