उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज राजनीति वाइरल ख़बर हल्द्वानी

छात्रसंघ चुनाव को लेकर MBPG कॉलेज में लिंगदोह कमेटी की बैठक, प्रत्याशियों को नियमों की जानकारी।

छात्रसंघ चुनाव को लेकर MBPG कॉलेज में लिंगदोह कमेटी की बैठक, प्रत्याशियों को नियमों की जानकारी।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने को लेकर एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में लिंगदोह कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने की। इसमें पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रशासन और छात्रसंघ चुनाव के संभावित प्रत्याशी शामिल हुए।

 

 

 

बैठक में सभी संभावित प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समिति और विश्वविद्यालय की ओर से जारी चुनाव संबंधी निर्देशिका का वितरण कर प्रत्याशियों से हस्ताक्षर भी करवाए गए।

 

 

 

बैठक में स्पष्ट किया गया कि कॉलेज में पढ़ाई नहीं करने वाले बाहरी व्यक्तियों का परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विद्यार्थियों को भी पहचान पत्र के बिना कॉलेज परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार के प्रचार या कार्यक्रम के लिए कॉलेज प्रशासन से कम से कम एक दिन पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

 

 

 

प्रचार के दौरान प्रिंटेड पोस्टर लगाने पर रोक रहेगी। प्रत्याशी केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर और पंपलेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर रैली या जुलूस निकालने पर भी प्रतिबंध रहेगा। रात के समय कॉलेज परिसर में घूमने या प्रचार करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

बैठक में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एबी बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, एमबीपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी समेत पुलिस, प्रशासन और कॉलेज के अधिकारी मौजूद रहे। छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशियों ने भी बैठक में भाग लिया।