उत्तराखण्ड क्राइम नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर हल्द्वानी

चुनावी हुड़दंग पर नैनीताल पुलिस का शिकंजा, 20 वाहन सीज और 4 नशे में वाहन चलाने वाले गिरफ्तार।

चुनावी हुड़दंग पर नैनीताल पुलिस का शिकंजा, 20 वाहन सीज और 4 नशे में वाहन चलाने वाले गिरफ्तार।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। आगामी छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रचार के दौरान हुड़दंग, अराजकता और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शुक्रवार रात 11 बजे से शनिवार तड़के 2 बजे तक हल्द्वानी क्षेत्र में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

 

 

 

पुलिस के अनुसार चुनाव प्रचार की आड़ में कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति पोस्टर-होल्डिंग लगाने, वाहनों से जिग-जैग तरीके से वाहन चलाकर हुड़दंग करने, आम लोगों से अभद्रता और मारपीट करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित करने की शिकायतें सामने आई थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की।

 

 

 

कोतवाली हल्द्वानी में मामले को लेकर दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक मुकदमा मुकेश पाण्डे समेत 19 लोगों के खिलाफ और दूसरा अमन चन्द्र समेत 8 लोगों के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति विरूपण के मामले में दर्ज किया गया।

 

 

 

अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें लवराज, दीपक पाण्डे, हिमांशु कुमार और आशीष पाण्डे शामिल हैं। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 20 वाहनों को सीज किया गया।

 

 

 

वहीं क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमकर हुड़दंग और अराजकता करने वाले पांच लोगों को भी धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। इनमें हरीश कुमार मुन्स्यारी, सचिन सिंह, पंकज डोबाल, प्रियांशु कुमार और चन्द्र प्रकाश शामिल हैं।

 

 

 

पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्र संघ चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने, सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, यातायात बाधित करने या आमजन से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नैनीताल पुलिस ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।