नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ बोर्ड लगाकर घूम रहा था फर्जी IB अधिकारी, एयरगन के साथ गिरफ्तार।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने खुद को IB अधिकारी बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर घूम रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी IB आईडी कार्ड, संबंधित दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर को तिकोनिया चौराहे पर पुलिस टीम ने काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को रोका।
पूछताछ में चालक ने खुद को IB अधिकारी बताते हुए आईडी कार्ड दिखाया। उसने अपना नाम मो. मोहासिब खान (24) निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने जब उसकी नियुक्ति और पद से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। दस्तावेजों पर संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली।
तलाशी में डैशबोर्ड से फर्जी IB आईडी कार्ड, IB से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने एयरगन रौब दिखाने के लिए रखने और IB से संबंधित आईडी व दस्तावेज फर्जी होने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आरोपी फर्जी पहचान और सरकारी अधिकारी का रूप धारण कर लोगों पर रौब दिखाने के लिए इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था। मामले में थाना हल्द्वानी में FIR संख्या 315/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

