उत्तराखण्ड न्यूज वाइरल ख़बर हल्द्वानी

40 साल तक खाकी की सेवा करने वाले दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त, सम्मान के साथ दी विदाई

40 साल तक खाकी की सेवा करने वाले दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त, सम्मान के साथ दी विदाई

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस परिवार के पांच पुलिसकर्मी सोमवार को ऐच्छिक सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

 

 

सेवानिवृत्त होने वालों में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुंवर, अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार जोशी, उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह और उपनिरीक्षक बालकृष्ण शामिल रहे। इन पांचों पुलिसकर्मियों ने करीब 26 से 40 वर्षों तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं।

 

 

 

उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने सर्वाधिक 40 वर्ष 11 दिन तक पुलिस विभाग में सेवा की। वहीं उपनिरीक्षक बालकृष्ण ने 38 वर्ष 8 माह 24 दिन, अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार जोशी ने 37 वर्ष 30 दिन, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह ने 27 वर्ष 10 माह 5 दिन तथा हेड कांस्टेबल दीपक कुंवर ने 26 वर्ष 4 माह 11 दिन की सराहनीय सेवा पूरी की।

 

 

 

विदाई समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने पुलिस सेवा के दौरान के अपने अनुभवों और यादगार पलों को साझा किया। एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने उनकी सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग के प्रति सभी कार्मिकों का योगदान अनुकरणीय रहा है। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और सकारात्मक सोच के साथ जीवन बिताने की सलाह दी।

 

 

 

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में दी गई लंबी सेवा के बाद अब सभी अपने पारिवारिक एवं व्यक्तिगत जीवन को समय दे सकेंगे।

 

 

 

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, प्रभारी चौकी दमुआदूंगा कुमकुम धनिक सहित पुलिस कार्यालय हल्द्वानी एवं कोतवाली हल्द्वानी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे।

 

 

 

नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी गईं।