भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 72.36 लाख रुपये स्वीकृत, जल्द शुरू होगा सुधारीकरण कार्य
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में लंबे समय से खराब पड़े भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए शासन ने 72 लाख 36 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। शासनादेश जारी होने के बाद अब मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों के अनुसार मोटर मार्ग खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दौरान मार्ग की स्थिति और खराब होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती थीं। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन स्तर से 72.36 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए शासनादेश जारी कर दिया गया है।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद मोटर मार्ग पर डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
मंत्री ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मंत्री कैड़ा ने सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
मार्ग के सुधारीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय जनता ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क का कार्य पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।

