फौजी वर्दी पहनकर खुद को ‘पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर’ बताता था युवक, SOG ने किया पर्दाफाश।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने सोशल मीडिया पर भारतीय सेना के अधिकारी का फर्जी रूप धारण कर लोगों को प्रभावित करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में SOG टीम ने युवक को हिरासत में लेकर उसके मोबाइल फोन की जांच की। युवक Instagram पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताता था।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने SOG कार्यालय हल्द्वानी में सूचना दी थी कि रोहित सिंह मेहता नामक व्यक्ति Instagram पर भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी में फोटो और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। जांच में उसके भारतीय सेना में अधिकारी होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने SOG प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम गठित कर युवक की तलाश के निर्देश दिए। संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर टीम ने गोरापड़ाव क्षेत्र में स्थित BIRLA OPUS PAINT के गोदाम से रोहित सिंह मेहता के वहां कार्यरत होने की जानकारी प्राप्त की।
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें हासिल कीं और Artificial Intelligence/Google Gemini की मदद से मॉर्फ्ड फोटो तैयार कर Instagram पर अपलोड कीं। इन तस्वीरों के जरिए वह खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित करता था।
पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि ऐसा करने के पीछे उसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना था। SOG टीम ने उसके कब्जे से दो स्मार्टफोन बरामद किए, जिनमें भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो और वीडियो तथा फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card भी मिला।
मामले में भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में धारा 168/318(3)/319(2) BNS के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं धारा 35(3) BNSS के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में दो स्मार्ट मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो/वीडियो और फर्जी प्रतीत होने वाला Army Identity Card शामिल है।
हिरासत में लिया गया युवक: रोहित सिंह मेहता पुत्र खुशाल सिंह मेहता, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, जनपद चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
पुलिस टीम में SOG प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल अशोक सिंह रावत और कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह ज्येष्ठा शामिल रहे।

