अंधेरी रात में नहर में बह रहे युवक को नैनीताल पुलिस ने साहसिक रेस्क्यू कर बचाया।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में बुधवार देर रात नहर में बह गए एक युवक को नैनीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार 20 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि काठगोदाम क्षेत्र के कौलटैक्स नहर में 35 वर्षीय नरोत्तम पुत्र पुरुषोत्तम, निवासी विकासपुरी, KG-2, दिल्ली बह गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं फायर सर्विस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
रात के अंधेरे और नहर के तेज बहाव के बीच कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नहर में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद दोनों जवानों ने युवक को सकुशल खोज निकाला और नहर से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल मौके पर मौजूद डायल-112 वाहन से अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर युवक को उसमें शिफ्ट किया गया, जिसके बाद उसे सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक रेस्क्यू की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों ने पुलिसकर्मियों और फायर सर्विस के जवानों के प्रयासों की तारीफ करते हुए “उत्तराखंड पुलिस जिंदाबाद” के नारे भी लगाए।

