रामनगर मीट-मछली बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दो दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। मीट और मछली विक्रेताओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन रामनगर, नैनीताल की टीम ने गुरुवार को सराय बाजार स्थित मीट और मछली बाजार का निरीक्षण किया। टीम ने करीब दो दर्जन मीट एवं मछली विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को प्रतिष्ठान के अंदर फूड लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने, मेडिकल फिटनेस कराने, डीप फ्रीजर रखने और उसकी नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में शीशे लगाने, स्टेनलेस स्टील के औजारों का इस्तेमाल करने, फ्लाई कैचर और डस्टबिन लगाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
मछली विक्रेताओं को बाहर से आने वाली मछलियों के भंडारण में कोल्ड चेन बनाए रखने तथा मछली की मात्रा और उसे कहां से मंगाया जा रहा है, इसका रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठानों के बाहर भी साफ-सफाई रखने और गुणवत्तायुक्त मीट व मछली की बिक्री सुनिश्चित करने को कहा गया।
मीट और मछली मार्केट का संचालन नगरपालिका द्वारा किया जाता है। इस संबंध में सफाई निरीक्षक सुदेश कुमार को बाजार में एक स्थायी सफाई कर्मचारी की तैनाती करने, नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा ब्लीचिंग और फिनाइल का नियमित छिड़काव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में गुणवत्ता विहीन मीट और मछली की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान संचालक द्वारा लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने पर उसे एक सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित समय में लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर FSS Act 2006 की धारा 31(2) के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सभी प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है। इसके बाद कमियां दूर नहीं करने पर FSS Act 2006 की धारा 55 के उल्लंघन में न्यायालयीन कार्रवाई के साथ दो लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

