IMC खुरपिया के विकास को मिलेगी रफ्तार, दिसंबर 2028 तक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा करने का लक्ष्य।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) खुरपिया को उत्तराखंड के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित NICDIT की तृतीय शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल प्रतिभाग किया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में विकसित किए जा रहे IMC खुरपिया की प्रगति और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि NUITL के कब्जे में है और परियोजना स्थल पर फिलहाल किसी प्रकार की बाधा नहीं है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि IMC खुरपिया के विकास के लिए 20 मार्च 2026 को EPC अनुबंध निष्पादित किया जा चुका है और निर्माण कार्य शुरू हो गया है। परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर राइट ऑफ वे (ROW) क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके बाद सड़क निर्माण समेत अन्य आवश्यक कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
बाहरी कनेक्टिविटी और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बड़े औद्योगिक क्लस्टर की सफलता के लिए मजबूत सड़क कनेक्टिविटी, विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति और आधुनिक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरी है। इसी को देखते हुए IMC खुरपिया की बाह्य अवसंरचना को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने के लिए आवश्यक कार्यवाही और समन्वय किया जा रहा है। यह मार्ग IMC खुरपिया को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसके अलावा परियोजना के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से PITCUL द्वारा 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दिसंबर 2028 तक पूरा होगा ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने कहा कि IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि IMC खुरपिया उत्तराखंड में औद्योगिक निवेश बढ़ाने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर पैदा करने तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने भारत सरकार और NICDIT/NICDC से परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय की अपेक्षा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से IMC खुरपिया को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता तथा गति बनाए रखने के साथ लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि IMC खुरपिया आने वाले समय में उत्तराखंड में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।

