टीएचडीसी टनल हादसा: एक और श्रमिक मिला, एक की तलाश जारी।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
चमोली, 18 अगस्त। हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को रेस्क्यू टीम ने एक और श्रमिक को टनल से बाहर निकाल लिया। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेजा गया है।
एक श्रमिक के बाहर निकाले जाने के बाद अब एक लापता श्रमिक की तलाश शेष है। उसे खोजने के लिए रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा स्लज (कीचड़ और मलबे) को लगातार हटाया जा रहा है। साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी भी तेजी से की जा रही है। सक्शन पंप समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी और मलबा हटाकर रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम बनाई जा रही है।
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और रेस्क्यू कार्य को गति देने के लिए आवश्यक संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। टनल के अंदर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है और श्रमिक तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीमें हरसंभव प्रयास कर रही हैं।

