उत्तराखण्ड देहरादून

मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण कर सीएम धामी ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण कर सीएम धामी ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ।

 

गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता

 

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

 

 

 

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 

 

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए।