लगातार बारिश से कॉर्बेट में सफारी पर ब्रेक, गर्जिया-ढेला-झिरना जोन आज भी बंद; कल होगा फैसला।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। रामनगर में लगातार हो रही बारिश का असर अब कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पर्यटन पर भी दिखाई देने लगा है। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए कॉर्बेट प्रशासन ने गर्जिया, ढेला और झिरना पर्यटन जोन में जंगल सफारी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। बारिश के कारण जंगल के भीतर मार्गों की स्थिति प्रभावित होने और नदी-नालों में पानी का प्रवाह बढ़ने के चलते यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
लगातार बारिश के चलते आज भी गर्जिया, ढेला और झिरना पर्यटन जोन में सफारी का संचालन नहीं हुआ। इससे पहले कल भी इन तीनों जोनों में सफारी बंद रही थी। फिलहाल पर्यटकों को इन जोनों में जंगल सफारी के लिए प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण जंगल के भीतर कई स्थानों पर सफारी मार्ग प्रभावित हुए हैं, वहीं नदी और नालों में भी पानी का बहाव बढ़ गया है। ऐसे में पर्यटकों और सफारी वाहनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कॉर्बेट प्रशासन ने तीनों पर्यटन जोनों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है।
बारिश से पहले गर्जिया, ढेला और झिरना जोन में नियमित रूप से सफारी संचालित हो रही थी और बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल सफारी का आनंद ले रहे थे। हालांकि मौसम की बदली परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सफारी पर रोक लगा दी है।
कॉर्बेट प्रशासन के अनुसार मौसम की स्थिति और जंगल के भीतर मार्गों की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। कल मौसम और जमीनी परिस्थितियों का आकलन करने के बाद सफारी शुरू करने या बंद रखने को लेकर फैसला लिया जाएगा। पर्यटकों से भी अपील की गई है कि कॉर्बेट आने से पहले संबंधित पर्यटन जोन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें।

