रक्षाबंधन पर राखियों की डिलीवरी को लेकर प्रशासन सख्त, प्राइवेट कूरियर कंपनियों की होगी चेकिंग
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल, 28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने प्राइवेट कूरियर कंपनियों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोनों जिलों में संचालित सभी प्राइवेट कूरियर सर्विस के कार्यालयों और स्टोर का उपजिलाधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण कराया जाए।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि रक्षाबंधन को लेकर बड़ी संख्या में बहनों ने अपने भाइयों के लिए कूरियर और ऑनलाइन माध्यम से राखियां भेजी हैं। ऐसे में राखियों की डिलीवरी समय पर सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूरियर कंपनियों में राखियों के लंबित पार्सलों की जांच की जाए और उन्हें तत्काल संबंधित पते पर पहुंचाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कूरियर कंपनी के पास राखी के पार्सल लंबित पाए जाते हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लंबित राखियों की तत्काल डिलीवरी सुनिश्चित कराई जाएगी।
सभी उपजिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कूरियर कंपनियों की चेकिंग और पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे तथा इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारियों को प्रस्तुत करेंगे।

