माँ नंदा देवी महोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था का SSP ने लिया जायजा, CCTV कंट्रोल रूम व रूट डायवर्जन प्वाइंट्स का किया निरीक्षण।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। ऐतिहासिक माँ नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पुख्ता किया है। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने महोत्सव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
SSP ने मेला कंट्रोल रूम, CCTV कंट्रोल रूम, रूट डायवर्जन प्वाइंट्स सहित अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं संवेदनशील रहते हुए श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सायंकालीन आरती में शामिल होकर माँ नंदा देवी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपद एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
नैनीताल पुलिस ने महोत्सव में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।
इस दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

