असम के पूर्व DGP बीडी खर्कवाल का निधन, उत्तराखंड पुलिस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। असम-मेघालय कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी और असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक बी.डी. खर्कवाल का 17 सितंबर 2026 की सुबह 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे पुलिस एवं प्रशासनिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी बी.डी. खर्कवाल सेवानिवृत्ति के बाद हल्द्वानी के जज फार्म क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। उनका कुमाऊं और हल्द्वानी से लंबे समय से गहरा पारिवारिक एवं प्रशासनिक जुड़ाव रहा।
नैनीताल पुलिस ने दी अंतिम सलामी
दिवंगत पूर्व DGP के हल्द्वानी स्थित आवास पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की मौजूदगी में नैनीताल पुलिस, SSB और CRPF के अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम सलामी दी।
SSP नैनीताल ने उनके पुलिस सेवा में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया तथा परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया गया, जहां परिजनों एवं गणमान्यजनों की मौजूदगी में सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
असम में चुनौतीपूर्ण दौर में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
बी.डी. खर्कवाल ने अपने लंबे पुलिस सेवाकाल के दौरान पूर्वोत्तर भारत में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। असम में उग्रवाद के चुनौतीपूर्ण दौर में उन्होंने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े दायित्वों का निर्वहन किया।
नवंबर 1990 में ULFA उग्रवादियों के खिलाफ ऑपरेशन बजरंग शुरू किए जाने के दौरान वह गुवाहाटी में केंद्रीय खुफिया अधिकारियों के साथ अभियान से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में शामिल रहे। वर्ष 1993-94 में उन्होंने असम के पुलिस महानिदेशक (DGP) के रूप में सेवाएं दीं।
उन्होंने SSB रानीखेत और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), नैनीताल में भी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। उनके लंबे अनुभव और पुलिस सेवा में योगदान को असम-मेघालय पुलिस बल में सम्मान के साथ याद किया जाता है।
इस दौरान एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक अमित सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान, PRO हेमा ऐठानी समेत नैनीताल पुलिस, SSB और CRPF के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
नैनीताल पुलिस ने दिवंगत पूर्व DGP बी.डी. खर्कवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

