उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज वाइरल ख़बर स्वास्थ हल्द्वानी

नंदाष्टमी महोत्सव में विधिक जागरूकता, कौशल प्रशिक्षण और निःशुल्क चिकित्सा शिविर।

नंदाष्टमी महोत्सव में विधिक जागरूकता, कौशल प्रशिक्षण और निःशुल्क चिकित्सा शिविर।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

नैनीताल। श्री नंदाष्टमी महोत्सव के अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की ओर से 16 से 23 सितंबर तक जनहित में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ निःशुल्क कानूनी परामर्श, कौशल प्रशिक्षण और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

 

 

महोत्सव की पूरी अवधि में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के सहयोग से पैनल एडवोकेट्स एवं पैरा-लीगल वॉलंटियर्स की टीम तैनात की गई है। टीम द्वारा पारिवारिक एवं संपत्ति विवाद, घरेलू हिंसा, बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के अधिकारों सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर निःशुल्क सलाह दी जा रही है। स्टॉल पर सरल कानूनी पुस्तिकाएं भी वितरित की जा रही हैं और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं 1800-180-4000 की जानकारी दी जा रही है।

 

 

 

इसके अलावा जिला उद्योग केंद्र, नैनीताल के सहयोग से 17 और 18 सितंबर को दो दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय महिलाओं, युवाओं और स्वरोजगार में रुचि रखने वाले लोगों को सिलाई की बुनियादी तकनीक तथा कपड़े की कटाई-सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया।

 

 

 

जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए जा रहे हैं। 18 सितंबर को दृष्टि सेंटर हल्द्वानी की टीम ने नेत्र जांच की। शुभानु नेत्र अस्पताल हल्द्वानी की टीम 19 एवं 20 सितंबर को नेत्र विशेषज्ञ जांच और स्क्रीनिंग करेगी। चंदन अस्पताल हल्द्वानी की टीम 19 सितंबर को सामान्य चिकित्सा एवं रक्तचाप जांच की सुविधा देगी।

 

 

 

वहीं, द मेडिसिटी रुद्रपुर की टीम 20 से 22 सितंबर तक बहु-विशेषज्ञता चिकित्सा शिविर लगाएगी। शिविर में सामान्य चिकित्सा सहित अन्य विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी तथा उपलब्धता के अनुसार आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

 

 

 

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन, ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूर-दराज से नंदाष्टमी महोत्सव में पहुंचे श्रद्धालुओं से इन निःशुल्क शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि इन शिविरों में किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।