उत्तराखण्ड देहरादून नैनीताल न्यूज रोजगार/JOBS शिक्षा

युवाओं को राज्य में ही मिलेंगे रोजगार और शिक्षा के अवसर, पलायन रोकने पर सरकार का जोर।

युवाओं को राज्य में ही मिलेंगे रोजगार और शिक्षा के अवसर, पलायन रोकने पर सरकार का जोर।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

 

काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, अग्निवीरों के भविष्य, एआई और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, नई सोच और कुछ कर गुजरने का जज्बा है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी होनहार बेटा या बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे।

 

 

 

राज्य में ही रोजगार और शिक्षा के अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़कर पलायन करने की मजबूरी न हो। इसके लिए प्रदेश में नए औद्योगिक और रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। युवाओं को जॉब सीकर के साथ जॉब क्रिएटर बनने के लिए स्टार्टअप और नवाचार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

 

 

 

उन्होंने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। वहीं छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है।

 

 

 

देहरादून में बनेगी देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा प्रदेश में स्टेम लैब्स, साइंस एवं इनोवेशन से जुड़ी गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर जिले में टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को आधुनिक तकनीक और नए अवसरों से जोड़ा जा सके।

 

 

 

अग्निवीरों के भविष्य के लिए बनेगा अग्निवीर सेल

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए युवा आयोग को प्रभावी बनाया जा रहा है। आयोग का उद्देश्य युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और सरकारी सेवाओं से जोड़ने में मदद करना होगा।

 

 

 

वहीं अग्निवीर सैनिकों के भविष्य से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।

 

 

 

एआई को चुनौती नहीं, अवसर के रूप में अपनाने की अपील

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई चुनौती के साथ-साथ एक बड़ा अवसर भी है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने और विज्ञान एवं तकनीक के नए शोधों से लगातार जुड़े रहने का आह्वान किया।

 

 

 

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात

भ्रष्टाचार को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की जांच के लिए विशेष टीमें कार्रवाई करती हैं।

 

 

 

नशे से दूर रहने का संदेश

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के भविष्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से खुद नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों व साथियों को भी इससे बचाने के लिए प्रेरित करने को कहा।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सरकार युवाओं को बेहतर अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, पढ़ाई और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

 

 

 

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति समेत अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।