काठगोदाम में 1.155 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और STF कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
15 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर, काठगोदाम के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस के मुताबिक, मनोज चंद्र (29) निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, चंपावत के कब्जे से 609 ग्राम और संजय चंद्र (30) निवासी अनरिया, तहसील पाटी, चंपावत के कब्जे से 546 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों से बरामद चरस की कुल मात्रा 1.155 किलोग्राम है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 भी बरामद की है। मामले में कोतवाली काठगोदाम में मु0अ0सं0 116/26, धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया, STF के उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत और हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा शामिल रहे।

