चोरगलिया से लापता तीन बालिकाएं हिमाचल से सकुशल बरामद, CCTV और सर्विलांस से पुलिस को मिला सुराग।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से बालिकाओं की लोकेशन ट्रेस की और उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर 2026 को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी दो बेटियां सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। तलाश के दौरान पता चला कि दोनों स्कूल पहुंची ही नहीं थीं और उनके साथ एक अन्य बालिका भी गई थी। तीनों में दो नाबालिग और एक बालिग थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जिले के सभी थानों और DCRB को सूचना देने के साथ ही RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बालिकाओं की तलाश शुरू की।
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम और रुद्रपुर समेत कई स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले।
CCTV फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाते हुए दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी इनपुट और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस की और तलाश करते हुए 24 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से तीनों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर गई थीं। पुलिस जांच में किसी अनहोनी की बात सामने नहीं आई। बरामदगी के बाद बालिकाओं की काउंसलिंग की गई और नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटियों के सकुशल घर लौटने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों के लिए पुलिस का आभार जताया।
बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा, उपनिरीक्षक गौरव जोशी, अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा और महिला कांस्टेबल सुमन राणा शामिल रहे।

