नैनीताल पुलिस लाइन में गूंजे कृष्ण भक्ति के सुर, भव्य जन्माष्टमी समारोह में उमड़ा जनसैलाब।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से 4 सितंबर की शाम रिजर्व पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। आयोजन में जिलेभर के पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्तियों सहित कुमाऊं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल एवं न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, नैनीताल विधायक सरिता आर्या और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का पुलिस गार्ड, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
स्टार नाइट शो में कलाकारों ने बांधा समां
जन्माष्टमी समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण स्टार नाइट शो रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियों से पहाड़ी संस्कृति की खुशबू बिखेरी। वहीं अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश की ऊर्जावान प्रस्तुति से पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय हो उठा।
विशाल डांस एंड क्रू दिल्ली के कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे एक लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन देखा और सराहा।
कृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां बनीं आकर्षण
जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों के पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र एवं लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं। मुख्य अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने झांकियों का अवलोकन कर पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता, मेहनत और कलात्मकता की जमकर सराहना की।
मध्यरात्रि में विधि-विधान से हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मध्यरात्रि के समीप श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. नंदिता अरकेल सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और समस्त नैनीताल पुलिस परिवार ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए सामूहिक भजन-कीर्तन किया गया।
पुलिसकर्मियों और बच्चों को किया सम्मानित
समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। भव्य आयोजन ने जहां पुलिस परिवार की एकजुटता और सांस्कृतिक प्रतिभा को सामने रखा, वहीं पुलिस और आम जनता के बीच आपसी सौहार्द को भी मजबूत करने का संदेश दिया।

