भवाली में अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापेमारी, ओवररेटिंग और रेट लिस्ट नहीं मिलने पर कार्रवाई।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या के नेतृत्व में भवाली स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दुकान के निरीक्षण में शराब निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने की अनियमितता सामने आई।
निरीक्षण के दौरान दुकान पर रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं मिली। इसके चलते ग्राहकों को शराब के निर्धारित मूल्य की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने संबंधित संचालक को शराब की बिक्री निर्धारित मूल्य पर करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही दुकान पर मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया, ताकि ग्राहकों को शराब की निर्धारित कीमत की जानकारी मिल सके और ओवररेटिंग की शिकायतों पर रोक लगाई जा सके।

