कैंची धाम में श्रद्धालुओं की राह आसान, 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस की टीमें लगातार ग्राउंड पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने में जुटी हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकास भवन भीमताल, भवाली चौराहा और सेनेटोरियम से लगातार शटल बसों व टैक्सियों का संचालन किया जा रहा है। इसके जरिए हजारों श्रद्धालु बिना अनावश्यक परेशानी के कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, अब तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं, जबकि श्रद्धालुओं का आवागमन लगातार जारी है। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को भी व्यवस्थित तरीके से वापस भेजा जा रहा है, जिससे भीड़ का दबाव नियंत्रित बना हुआ है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। प्रमुख मार्गों, डायवर्जन प्वाइंट और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस, यातायात कर्मी, CPU, PAC तथा अन्य पुलिस बल तैनात हैं। अधिकारी लगातार मौके पर रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और कैंची धाम पहुंचने के लिए शटल सेवा का ही प्रयोग करें। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से बाबा के दर्शन कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं लगातार जारी रहेंगी।

