सीएम धामी के जन्मदिन पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लगाया रक्तदान शिविर, दर्जनों लोगों ने किया रक्तदान।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भीमताल रामलीला मैदान में रक्तदान शिविर और बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में दर्जनों लोगों ने रक्तदान किया।
बहुउद्देशीय शिविर में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने केक काटकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने बहुउद्देशीय शिविर में मौजूद अधिकारियों को सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

