20 सूत्री कार्यक्रम में नैनीताल को मिली 36 मदों में A श्रेणी, रैंकिंग सुधारने के निर्देश।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने की 20 और 25 सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए डीएम को भेजा पत्र
नैनीताल। विकास भवन सभागार में सोमवार देर शाम मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में 20 सूत्री और 25 सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा में सामने आया कि जनपद में कुल 40 मदों में से 36 में A श्रेणी, तीन में B श्रेणी और एक मद में D श्रेणी प्राप्त हुई है। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इस कार्यक्रम में नैनीताल जनपद की प्रदेश स्तर पर तीसरी रैंकिंग रही थी। सीडीओ ने संबंधित विभागों को कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में सुधार करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में 25 सूत्री कार्यक्रम के तहत भी विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों की अद्यतन स्थिति का आकलन करने और शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर डीएम को पत्र
बैठक में राजस्व, खनन और जिला प्राधिकरण से संबंधित अधिकारियों के अनुपस्थित रहने के कारण इन विभागों की प्रगति की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर सीडीओ ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
सीडीओ ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 20 सूत्री और 25 सूत्री कार्यक्रमों के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें, प्रगति में सुधार लाएं और जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।






