रतूड़ा में ₹48.84 करोड़ से बनेगा राज्य अतिथि गृह, रेसकोर्स में ₹28.07 करोड़ से बनेंगे 48 नए आवास।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य संपत्ति एवं आवास विभाग ने सरकारी परिसंपत्तियों को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में काम तेज कर दिया है। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठकों में रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह और देहरादून के रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में नए आवासों की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
रतूड़ा में करीब ₹48.84 करोड़ की लागत से राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा। इसमें आधुनिक सुविधाओं से लैस कॉन्फ्रेंस हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, बड़े फ्लैट टीवी और अन्य तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्माण में पर्यावरणीय मानकों का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। एनजीटी के मानकों के अनुसार निर्माण स्थल की नदी से न्यूनतम 200 मीटर दूरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भवन और मुख्य प्रवेश द्वार पर आकर्षक लोगो लगाने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, देहरादून के रेसकोर्स स्थित ओल्ड ऑफिसर्स कॉलोनी में पुराने जर्जर भवनों को हटाकर करीब ₹28.07 करोड़ की लागत से 48 नए श्रेणी-3 आवास बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इन भवनों में कम रखरखाव वाली निर्माण सामग्री और फिनिशिंग का इस्तेमाल किया जाएगा।
परियोजना में ग्रीन बिल्डिंग मानकों का पालन करने के साथ अनिवार्य रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी विकसित किया जाएगा। कॉलोनी के बाहर उसका नाम आकर्षक और स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए अलग-अलग डिजाइन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण में स्थानीय वास्तुशैली को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

