चोरगलिया के नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर दवाइयां सीज।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
स्टॉक में दर्ज नहीं मिली कुछ दवाइयां, काउंसलर भी नहीं मिला तैनात; संबंधित संस्था को नोटिस
चोरगलिया। प्रशासन की टीम ने आज चोरगलिया स्थित निर्मल दर्शन नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
निरीक्षण के दौरान केंद्र में पुरुष और महिला दोनों भर्ती पाए गए। टीम ने संस्था के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें नशा मुक्ति केंद्र का स्टेट मेंटल हेल्थ अथॉरिटी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीकरण पाया गया।
हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं भी सामने आईं। ड्रग इंस्पेक्टर ने कुछ दवाइयों का स्टॉक नियमानुसार दर्ज और व्यवस्थित तरीके से नहीं रखे जाने पर उन्हें सीज कर दिया। साथ ही बिना स्टॉक में पंजीकरण के दवाइयां रखने के मामले में संस्था के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए मामला अग्रसारित किया गया।
इसके अलावा केंद्र में काउंसलर भी कार्यरत नहीं पाया गया। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संबंधित संस्था को नोटिस जारी कर अग्रिम कार्रवाई की गई है।
संयुक्त निरीक्षण टीम ने संस्था प्रबंधक को नशा मुक्ति केंद्र का संचालन निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केंद्र में भर्ती लोगों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं और उपचार उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

