पेंशन का इंतजार खत्म 9.87 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंची जुलाई की किस्त।
संवाददाता – देहरादून
देहरादून। उत्तराखंड के लाखों पेंशन लाभार्थियों के लिए शनिवार का दिन राहत भरा रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 9 लाख 87 हजार 17 पेंशन लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को सम्मान के साथ समय पर उनका अधिकार मिले, यही सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
किसे कितनी पेंशन मिली?
जुलाई 2026 में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत कुल 9,87,017 लाभार्थियों को पेंशन का भुगतान किया गया।
- वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थी — ₹92.34 करोड़
- विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थी — ₹35.54 करोड़
- दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थी — ₹13.36 करोड़
- किसान पेंशन: 27,288 लाभार्थी — ₹3.20 करोड़
- परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थी — ₹99.40 लाख
- भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थी — ₹51.68 लाख
- तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थी — ₹26.35 लाख
- बौना पेंशन: 127 लाभार्थी — ₹1.52 लाख
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि इस भुगतान में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

