गोरापड़ाव डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो और शातिर आरोपी गिरफ्तार
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक वरना कार और लूटी गई 1.40 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
दरअसल, 19 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वादी नारायण दास निवासी अंबा बिहार, तीनपानी हल्द्वानी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने गोरापड़ाव तीनपानी में Kiya शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैराज में डकैती डालकर करीब 8 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन और तीन सोने की चेन व अंगूठियां लूट ली थीं।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।
करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के साथ थाना पुलिस, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल किए गए।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की। मामले में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एयरपोर्ट के पीछे से दबोचे गए दो आरोपी
अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27) निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर और गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी (26) निवासी नूरपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों के कब्जे से यह सामान बरामद
साहब सिंह उर्फ साबी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई रकम में से 89,700 रुपये और घटना में प्रयुक्त वरना कार संख्या UK-08-7517 बरामद हुई।
वहीं गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और लूटी गई रकम में से 50,300 रुपये बरामद किए गए।
इस तरह दोनों आरोपियों से कुल 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वरना कार बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी साहब सिंह उर्फ साबी के खिलाफ नानकमत्ता, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और रामनगर थानों में पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराएं शामिल हैं। गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ भी नानकमत्ता थाने में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गोरापड़ाव डकैती कांड के खुलासे में थाना पुलिस, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल द्वारा टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

