मासिक अपराध समीक्षा में SSP के सख्त निर्देश, 48 पुलिसकर्मी सम्मानित।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए 27 अगस्त को हल्द्वानी कोतवाली सभागार में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जुलाई माह के अपराध, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में डिजिटल पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने e-Shakshya App और Zero FIR को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। एसएसपी ने सभी थानों में ऑनलाइन जीडी, e-FIR, Zero FIR, e-Beat, e-Summon, e-Malkhana और e-DAR समेत सभी डिजिटल व्यवस्थाओं का डेटा समयबद्ध रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में e-DAR, हिट एंड रन प्रतिकर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना और राहवीर योजना के तहत पात्र पीड़ितों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एसएसपी ने साइबर ठगी के मामलों में प्रभावी विवेचना और पीड़ितों की धनराशि की रिकवरी के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विवेचक की जवाबदेही तय की जाएगी। साइबर हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाने और पुलिसकर्मियों को Cytrain Portal के माध्यम से नई तकनीकों से अपडेट रहने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने तथा CCTNS पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट रखने के निर्देश दिए।
हर महीने चुना जाएगा “थाना ऑफ द मंथ”
बेहतर पुलिसिंग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए जिले में “थाना ऑफ द मंथ” की पहल शुरू की जाएगी। थानों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों के निस्तारण, लंबित विवेचनाओं, CCTV मॉनिटरिंग और डिजिटल पोर्टल पर कार्य समेत विभिन्न मानकों पर किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन पर संबंधित थाना प्रभारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी।
आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, पुलिस गश्त और निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। धार्मिक भावनाएं भड़काने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात दबाव वाले क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और आगामी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर भी चर्चा की गई।
48 पुलिसकर्मी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। वहीं, उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए जनपद के विभिन्न थानों और शाखाओं में तैनात 48 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा हैं।

