नाले का जलस्तर बढ़ने से नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त, जल्द होगी मरम्मत: दीपक बाली।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
काशीपुर। तेज बारिश के चलते वार्ड नंबर-3 स्थित आनंदम सोसाइटी के पास बहने वाले नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नाला संकरा होने के कारण पानी ओवरफ्लो हो गया, जिससे आसपास की बस्ती में जलभराव की स्थिति बन गई। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से हाल ही में बनी सड़क का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर बह गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस नाले में करीब पांच वार्डों का पानी आता है। बरसात के दौरान नाला संकरा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती है और ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है। नाले को पक्का और चौड़ा करने के साथ ही पुलिया निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोग कई बार नगर निगम से शिकायत कर चुके हैं।
बताया गया कि स्थानीय नागरिकों ने 1 जुलाई 2026 को महापौर और नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देकर समस्या से अवगत कराया था। शिकायत में नाले को पक्का एवं चौड़ा करने तथा आवश्यक स्थान पर पुलिया निर्माण की मांग की गई थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए महापौर दीपक बाली ने समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई शुरू कराई। बताया गया कि पुलिया निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि तेज बारिश के कारण नाले का जलस्तर बढ़ने से क्षतिग्रस्त हुई नवनिर्मित सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही नाले का सर्वे कराकर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए उसे पक्का और चौड़ा करने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सूचना मिलने पर नगर निगम के ठेकेदार अमित राय भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिया निर्माण के लिए तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर कार्य शुरू कराने की बात कही।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नाले के चौड़ीकरण और पुलिया निर्माण से बरसात में होने वाले जलभराव की समस्या के साथ-साथ आसपास की सड़कों को होने वाले नुकसान से भी राहत मिलेगी।

