मुख्यमंत्री के चोरगलिया दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसपी हल्द्वानी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चोरगलिया दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने गोलपार, चोरगलिया में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा घेरा एवं एक्सेस कंट्रोल बनाए रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के साथ प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग करने को कहा गया। वहीं, आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस और सीपीयू को व्यवस्थित ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्धारित मार्गों पर किसी भी प्रकार की रुकावट पहले से दूर कर ली जाए। सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाएं। साथ ही जनता के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ लालकुआं विमल कुमार, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं ब्रजमोहन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी समेत वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

