मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, शेर नाला पर 9.93 करोड़ की लागत से बने पुल का किया लोकार्पण।
गुरजोत सिंह राठौर-सवांददाता
हल्द्वानी (चोरगलिया), 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विभिन्न दायित्वधारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता और त्वरित गति से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान करना है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये (9.93 करोड़ रुपये) की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
शेर नाला के मानसून के दौरान उफान पर आने से लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार मार्ग बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों को लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था। नए पुल के निर्माण से क्षेत्रीय जनता के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पुल के लोकार्पण पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

