दीपावली पर घर लौट रहे युवक को टैक्सी में बैठाने के बहाने लूटा, दो आरोपी गिरफ्तार, 100 CCTV कैमरों की फुटेज से खुला राज।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टियों में घर लौट रहे एक युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर सुनसान जगह पर ले जाकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन, सोने की कान की बाली, हेडफोन और 5 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जानकारी के अनुसार, बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में निजी नौकरी करते हैं। 7 नवंबर को वह दीपावली की छुट्टियों में अपने घर जाने के लिए चंडीगढ़ से बस के माध्यम से हल्द्वानी पहुंचे थे। रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशते समय उन्हें दो युवक मिले। दोनों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ ले लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें सुनसान स्थान पर ले गए और उनका आईफोन, 7 हजार रुपये नकद, हेडफोन और कान की सोने की बाली लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार सुरागरसी और जांच के बाद पुलिस ने 9 नवंबर को रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बबलू सिंह और सूरज आर्य पुत्र यशपाल आर्य, निवासी वार्ड नंबर-12 राजपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीड़ित का आईफोन, एक पीली धातु की कान की बाली, 5 हजार रुपये नकद और एक हेडफोन बरामद किया है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह (प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव), कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतबीर सिंह शामिल रहे।






