ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: नैनीताल पुलिस ने 15 और वारंटी किए गिरफ्तार, अब तक 33 पर शिकंजा।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अभियान के तहत अब तक गिरफ्तार किए गए वारंटियों की संख्या 33 पहुंच गई है।
एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को न्यायालयों से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों का गठन कर अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में एनआई एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित आरोपी पकड़े गए।
वहीं, कोतवाली लालकुआं पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में छह वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें एनआई एक्ट, आबकारी अधिनियम और भारतीय दंड विधान से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शामिल हैं।
इधर, कोतवाली मुखानी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया। जबकि कोतवाली कालाढूंगी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में भीमपुरी उदयपुरी क्षेत्र से धारा 138 एनआई एक्ट के वारंटी कुमुद कुमार आर्या (36) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार हो रही कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों में हड़कंप मचा हुआ है।






