मानसून के बाद खुले फाटो और हाथी डंगर पर्यटन जोन, जंगल सफारी शुरू होते ही पर्यटकों में दिखा उत्साह।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। तराई पश्चिम वन प्रभाग के फाटो और हाथी डंगर इको टूरिज्म जोन को एक अक्टूबर से पर्यटकों के लिए फिर खोल दिया गया है। पर्यटन जोन के शुभारंभ के मौके पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट और डीएफओ तराई पश्चिमी पुनीत तोमर मौजूद रहे। लंबे इंतजार के बाद जंगल सफारी शुरू होने से पर्यटकों के साथ ही नेचर गाइड और जिप्सी चालकों में भी खुशी का माहौल है।
फाटो जोन में सुबह की पाली में 50 और शाम की पाली में 50 जिप्सियों को सफारी की अनुमति दी गई है। वहीं हाथी डंगर जोन में सुबह और शाम की पाली में 25-25 जिप्सियां पर्यटकों को जंगल भ्रमण कराएंगी। मानसून के दौरान बंद रहे इन पर्यटन जोन में सफारी मार्गों को दुरुस्त करने के बाद नए सीजन की शुरुआत की गई है।
इस बार फाटो आने वाले पर्यटकों के लिए नाइट सफारी भी खास आकर्षण रहेगी। यहां ट्री हाउस भी पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। फाटो में दो ट्री हाउस में तीन कक्ष, पांच इको हट, ब्रिटिश बिल्डिंग में चार कक्ष, ओल्ड बिल्डिंग में दो कक्ष और पांच टेंट हाउस उपलब्ध हैं। पर्यटकों के ठहरने के लिए कुल 19 कक्षों की व्यवस्था है।
नए पर्यटन सीजन में फाटो और हाथी डंगर जोन में मोबाइल फोन को लेकर भी नए नियम लागू किए गए हैं। जंगल सफारी के दौरान पर्यटक मोबाइल फोन अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। उन्हें मोबाइल निर्धारित लॉकर में जमा करना होगा।
शुक्रवार सुबह सफारी पर पहुंचे दिल्ली के पर्यटकों ने बताया कि वे बच्चों को जंगल और वन्यजीव दिखाने के लिए रामनगर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वे खास तौर पर बाघ देखने को लेकर उत्साहित हैं और जंगल सफारी का अनुभव लेने के लिए काफी उत्सुक हैं।
पर्यटन जोन खुलने से नेचर गाइड और जिप्सी चालकों के चेहरे भी खिल उठे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय बाद एक बार फिर रोजगार से जुड़ने का अवसर मिला है। पर्यटन सीजन शुरू होने से जिप्सी मालिकों, चालकों, गाइडों, मैकेनिकों, चाय-रेस्टोरेंट संचालकों और स्थानीय दुकानदारों को भी रोजगार मिलने की उम्मीद है।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि बारिश के कारण सफारी मार्गों को नुकसान पहुंचा था, जिन्हें दुरुस्त करने के बाद एक अक्टूबर से पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। उन्होंने पर्यटकों का स्वागत करते हुए कहा कि पर्यटक हमारे मेहमान हैं और उनके साथ बेहतर व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन से क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं और पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार पूरे क्षेत्र के पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने में मदद करेगा।

