रेलवे स्टेशन के पास पर्स छीनने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, नगदी समेत सामान बरामद।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास पर्स छीनने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया पर्स, ₹2,200 की नगदी और अन्य सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 23 सितंबर 2026 को जय सिंह मेहता निवासी ग्राम लूँगड़, थाना खनस्यु ने बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि रेलवे स्टेशन के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में ₹2,200 नगद और अन्य सामान रखा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज यादव को सौंपी गई।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी और तलाश के बाद वोल्गा होटल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से घटना में छीना गया माल भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनुज उर्फ रौनक उर्फ नोना (19) पुत्र यशपाल आर्य और अभय सिंह (19) पुत्र बबलू सिंह, दोनों निवासी कुष्ठ आश्रम के पास, वार्ड नंबर 12 राजपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल मोहम्मद अतहर शामिल रहे।

