उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज रामनगर वाइरल ख़बर स्वास्थ

रामनगर में मीट-मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 6 प्रतिष्ठानों को नोटिस।

रामनगर में मीट-मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 6 प्रतिष्ठानों को नोटिस।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

 

रामनगर, 21 सितंबर 2026। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खताड़ी स्थित मीट मार्केट और मिठाई की दुकानों पर व्यापक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

 

 

 

वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में टीम ने दुकानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति की जांच की। इस दौरान दुकानदारों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

 

 

 

मिठाई का सैंपल जांच के लिए भेजा

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए टीम ने मिठाई का एक नमूना नियमानुसार संग्रहित किया। नमूने को जांच के लिए फूड लैब भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

6 मीट कारोबारियों को 7 दिन का नोटिस

निरीक्षण के दौरान 6 मीट कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर वैध खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर संबंधित कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 31(2) के तहत 7 दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया है।

 

 

 

व्यापारियों को निर्धारित समय में लाइसेंस बनवाने या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 58/63 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

मीट मार्केट में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश

वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान ने कारोबारियों को चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करें और उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

 

 

साथ ही नगरपालिका को खताड़ी मीट मार्केट में ढक्कन वाले डस्टबिन, दुकानों में शीशे तथा मीट टांगने के लिए स्टेनलेस स्टील के पाइप और हुक जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण और सैंपलिंग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जा रही है।

 

 

 

संयुक्त टीम में नगरपालिका के सफाई निरीक्षक लल्ला मियां, कर निरीक्षक शिखा आर्य तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।