बालाजी मंदिर के सामने युवक पर हमले का आरोपी गिरफ्तार, कोसी बैराज के पास नहाते हुए पुलिस ने दबोचा।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
रामनगर। सिद्धपीठ श्री बालाजी मंदिर के सामने दो दिन पूर्व युवक पर हुए हमले के मामले में रामनगर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कोसी बैराज पुल के पास नहा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बैराज क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपी को भागने का मौका दिए बिना पकड़ लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया, जहां पुलिस उससे घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले सिद्धपीठ श्री बालाजी मंदिर के सामने गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू पर आरोपी ने हमला कर दिया था। हमले में गोपाल सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें 40 से अधिक टांके लगाए गए हैं। घटना में उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल किया है। घायल का उपचार निजी अस्पताल में जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हमले के कारण, घटना में इस्तेमाल वस्तुओं और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

