कार्बेट प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु वन आरक्षी अध्ययन भ्रमण पर रवाना, उच्च हिमालयी वनों और वन्यजीव संरक्षण की लेंगे जानकारी।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
कालागढ़। कार्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र, कालागढ़ के प्रशिक्षु वन आरक्षियों का दल मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के अध्ययन भ्रमण पर रवाना हो गया। वनक्षेत्राधिकारी एनके रूवाली ने प्रशिक्षुओं को अनुशासन बनाए रखने और विभागीय नियमों का पालन करने की सीख देते हुए दल को रवाना किया। इस अध्ययन भ्रमण दल का नेतृत्व कार्यालय प्रभारी सुनील कुमार कर रहे हैं।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु हरिद्वार वन प्रभाग के चीला, रसियाबाड़, ऋषिकेश, देहरादून, रामपुर मंडी, कनासर, बुधेर टॉप, जरमोला, धार, पुरोला, जानकी चट्टी, यमुनोत्री, धरासू, गंगोत्री, कमांद, बिरही और चौपता सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक बिंदर पाल ने बताया कि इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षु वन आरक्षियों को वन प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। भ्रमण के दौरान उन्हें उच्च हिमालयी वनों, भूमि संरक्षण कार्यों, पौधशाला प्रबंधन, नेचर पार्क और फॉरेंसिक लैब में वन्यजीवों के अवैध व्यापार की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव प्रशिक्षु वन आरक्षियों के सेवाकाल में उपयोगी साबित होंगे। इससे उन्हें वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने में मदद मिलेगी।






