नैनीताल में स्ट्रीट लाइटों की वार्डवार होगी जांच, खराब लाइटों की रोजाना देनी होगी रिपोर्ट।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल, 19 सितंबर। नैनीताल शहर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद नैनीताल के अधिशासी अधिकारी को वार्डवार जांच और नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने और उनकी प्रतिदिन रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर पालिका क्षेत्र में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार विवरण तैयार किया जाए। इसमें प्रत्येक वार्ड में कुल कितनी स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, कितनी सुचारू रूप से चल रही हैं और कितनी खराब हैं, इसका स्पष्ट ब्यौरा शामिल किया जाए।
इसके साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई का विवरण भी वार्डवार तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने कहा कि शहर में स्ट्रीट लाइटों का नियमित रूप से चालू रहना जरूरी है, ताकि रात के समय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका के दो कार्मिकों की प्रतिदिन ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। दोनों कार्मिक वाहन से नगर पालिका क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच करेंगे।
निरीक्षण के दौरान वार्डवार कितनी स्ट्रीट लाइटें खराब मिलीं और उनमें से कितनी ठीक कराई गईं, इसकी दैनिक रिपोर्ट तैयार कर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। आयुक्त ने स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में लापरवाही नहीं बरतने और खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।

