नैनीताल समेत तीन जिलों में दावे-आपत्तियों की सुपर चैकिंग, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून, 26 सितंबर। प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को दावे-आपत्तियों की सुपर चैकिंग के लिए निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपद का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देश पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी ने हरिद्वार जनपद का निरीक्षण किया। प्रकाश चंद्र दुम्का ने रानीपुर और झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में, जबकि किशन सिंह नेगी ने पिरान-कलियर विधानसभा क्षेत्र में दावे-आपत्तियों की सुपर चैकिंग की।
वहीं, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने ऊधमसिंह नगर की जसपुर विधानसभा के भाग संख्या 15 तथा रुद्रपुर विधानसभा के भाग संख्या 38 और 87 में फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच की।
इसके बाद सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नैनीताल जिले की लालकुआं विधानसभा के भाग संख्या 62 और 71 तथा हल्द्वानी विधानसभा के भाग संख्या 106 में भी स्थलीय निरीक्षण कर फॉर्मों की सुपर चैकिंग की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के तहसीलदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

