उत्तराखण्ड देहरादून न्यूज राजनीति

जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान करें अधिकारी, जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें: सीएम धामी।

जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान करें अधिकारी, जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें: सीएम धामी।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बहुउद्देशीय शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसमस्याओं का समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

 

 

 

मुख्यमंत्री शनिवार को देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट तथा बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी और किशोरी किट भी वितरित कीं।

 

 

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल विभागीय स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। अधिकारियों को चाहिए कि वे लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करें। यदि किसी समस्या के समाधान में समय लगता है तो संबंधित व्यक्ति को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए।

 

 

 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इससे पहले संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की। अभियान के तहत लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव या सरकारी प्रक्रियाओं की जटिलताओं के कारण योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी सेवाएं लोगों को सरलता से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर भी जोर दिया जा रहा है। शिविरों में स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से बहुउद्देशीय शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता और शासन के बीच दूरी कम करने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनभागीदारी और सुशासन के माध्यम से ही विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

 

 

 

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।