जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने कई मामलों का मौके पर किया समाधान, अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि विवाद, स्कूल में दाखिला, फीस माफी, भरण-पोषण, अवैध कब्जे और आर्थिक सहायता समेत विभिन्न मामलों की सुनवाई की। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्लॉट के दाखिल-खारिज विवाद में क्रेता को वापस मिले 5 लाख रुपये
बनभूलपुरा निवासी अदनान अंसारी ने बताया कि उन्होंने नवाड़ खेड़ा, गौलापार में सलीम सैफी से प्लॉट खरीदा था और इसके लिए 5 लाख रुपये का भुगतान किया था। प्लॉट की रजिस्ट्री होने के बावजूद आपत्तियों के कारण दाखिल-खारिज नहीं हो पा रहा था। पूर्व में जनसुनवाई में शिकायत सामने आने के बाद आयुक्त ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। इसके तहत 4.50 लाख रुपये पहले ही वापस कराए गए थे, जबकि शुक्रवार को शेष 50 हजार रुपये भी वापस दिलाए गए। पूरी धनराशि मिलने पर अदनान अंसारी ने आयुक्त का आभार जताया।
लिव-इन पार्टनर से जुड़े मामले में तीन माह में 7 लाख रुपये लौटाने के निर्देश
जनसुनवाई में एक युवती ने बताया कि वह करीब तीन माह से लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही थी। युवती का आरोप था कि युवक ने उससे करीब 7 लाख रुपये का सोना और नकद धनराशि ली, जिसे वापस नहीं किया गया। युवती द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को युवक ने भी सही माना। मामले में समझौता कराते हुए आयुक्त ने युवक को तीन माह के भीतर 7 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में धनराशि वापस नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर आयुक्त सख्त
एक वार्ड में सफाई कर्मचारियों के नियमित रूप से कार्य पर नहीं आने और अनुपस्थित रहने की शिकायत पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सुपरवाइजरों को नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण करने और अनुपस्थित कर्मचारियों तथा लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
तुमड़िया डैम क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत, 5 दिन में कार्रवाई के निर्देश।
पूर्व प्रधान दुर्गापुर गुरमुख सिंह ने शिकायत कर बताया कि तुमड़िया डैम के पास ग्राम समाज, बंजर और सिंचाई विभाग की भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने तहसीलदार काशीपुर, नायब तहसीलदार और संबंधित चकबंदी अधिकारियों को क्षेत्र का निरीक्षण कर सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीओ चकबंदी और तहसीलदार काशीपुर को पांच दिन के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा।
आयुक्त ने संबंधित दस्तावेजों की भी जांच करने के निर्देश दिए। दस्तावेजों में छेड़छाड़ या अन्य अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
स्कूल दाखिले की प्रक्रिया की जांच के निर्देश
अनीता बिष्ट ने अपने पुत्र का गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल में कक्षा 9 में दाखिला नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि छात्र ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी, इसके बावजूद उसे प्रवेश नहीं दिया गया। मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद आयुक्त ने स्कूल की दाखिला प्रक्रिया की जांच कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने सीडीओ नैनीताल को मामले की जांच कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नाहिदा निवासी गौजाजाली ने स्कूल फीस माफ करने, शांति भट्ट ने बहू से भरण-पोषण दिलाने, किरन जोशी ने आर्थिक सहायता, हिमानी त्रिपाठी ने पड़ोसियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने, फरहीन निवासी बागजाला ने पारिवारिक खर्च दिलाने और राहुल लोहनी ने भूमि से कब्जा हटाने की मांग रखी। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया।

