उत्तराखण्ड क्राइम नैनीताल न्यूज रामनगर वाइरल ख़बर

रामनगर में अवैध लीसा तस्करी का भंडाफोड़, कैंटर से 390 कनस्तर बरामद; एक गिरफ्तार।

रामनगर में अवैध लीसा तस्करी का भंडाफोड़, कैंटर से 390 कनस्तर बरामद; एक गिरफ्तार।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

रामनगर। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से 390 कनस्तर लीसा बरामद किया है। बरामद लीसा की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में कैंटर चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

 

 

 

रामनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कैंटर के जरिए पहाड़ों से लीसा रामनगर की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने भंडारपानी मार्ग पर ग्रासलैंड के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कैंटर संख्या UK18CA-9162 को रोककर तलाशी ली गई।

 

 

 

तलाशी के दौरान कैंटर से 390 कनस्तर लीसा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से वाहन चालक प्रेम पुत्र टीकम, निवासी धारी, नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कार्रवाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

 

 

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद लीसा बेतालघाट क्षेत्र की ओर से रामनगर लाया जा रहा था। पुलिस ने कैंटर और बरामद लीसा को कब्जे में ले लिया है। मामले में वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

पुलिस और वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में लीसा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार आरोपी समेत इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

 

 

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।