हल्द्वानी में अवैध तमंचे और 17 कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
हल्द्वानी। ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और 17 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगल पड़ाव चौकी पुलिस ने रामलीला मैदान में चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक अवैध 12 बोर तमंचा और 17 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इनमें 13 कारतूस 12 बोर और चार कारतूस 32 बोर के हैं। पुलिस ने आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज बेलवाल पुत्र स्व. त्रिलोक बेलवाल, निवासी लछमपुर चौराहा, गोलापार, थाना काठगोदाम, नैनीताल के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल इसरार नवी, कांस्टेबल धीरज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।

