आयुष्मान कार्ड से इलाज में दिक्कत? सीधे सीएमओ से करें शिकायत।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
नैनीताल, 11 सितंबर। आयुष्मान योजना के तहत इलाज कराने वाले लाभार्थियों को अब किसी तरह की परेशानी होने पर इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा है कि सूचीबद्ध या गैर-सूचीबद्ध निजी अस्पताल में उपचार के दौरान समस्या आने पर लाभार्थी सीधे सीएमओ से संपर्क कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में आयुष्मान योजना के तहत कई निजी अस्पतालों को विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के लिए सूचीबद्ध किया गया है। इनमें नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी, कैंसर उपचार, न्यूरोसर्जरी और आपातकालीन सेवाएं समेत कई सुविधाएं शामिल हैं।
डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि आयुष्मान कार्डधारकों को योजना के तहत उपचार प्राप्त करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में इलाज के दौरान समस्या, योजना का लाभ न मिलने या किसी अन्य शिकायत की स्थिति में लाभार्थी तत्काल सीएमओ से संपर्क कर सकते हैं। शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

