उत्तराखण्ड नैनीताल न्यूज

नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य रूप से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।

नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य रूप से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।

 

गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता

 

 

नैनीताल। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से 4 सितंबर की शाम रिजर्व पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्य एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। आयोजन में पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तियों समेत वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी रही।

 

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल एवं न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, विधायक नैनीताल सरिता आर्या और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का पुलिस गार्ड, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

 

 

 

स्टार नाइट शो ने बांधा समां

जन्माष्टमी समारोह में आयोजित स्टार नाइट शो मुख्य आकर्षण रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर पहाड़ की संस्कृति की छटा बिखेरी। अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश की ऊर्जावान प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं विशाल डांस एंड क्रू दिल्ली के कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

 

 

 

नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे एक लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन देखा।

 

 

 

 

कृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां बनीं आकर्षण

समारोह में जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात, संचार शाखा और फायर स्टेशनों के पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं। अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने झांकियों का अवलोकन कर पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना की।

 

 

 

विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मध्यरात्रि के समीप भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाया गया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं पूरे नैनीताल पुलिस परिवार ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र एवं प्रदेश के जनकल्याण की कामना करते हुए भजन-कीर्तन किया।

 

 

 

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित

आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। भव्य जन्माष्टमी समारोह ने पुलिस परिवार की एकजुटता के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच आपसी सौहार्द को भी मजबूत करने का संदेश दिया।