ज्योलिकोट में जल जनित रोगों की शिकायत पर सांसद अजय भट्ट ने लिया संज्ञान।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
ज्योलिकोट। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने शनिवार को ज्योलिकोट पहुंचकर क्षेत्र में फैल रहे डायरिया सहित जल जनित रोगों को लेकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी नैनीताल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जल संस्थान के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांसद अजय भट्ट सबसे पहले वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश जोशी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पुत्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र में फैल रहे जल जनित रोगों की स्थिति की जानकारी ली। लोगों ने पेयजल व्यवस्था और डायरिया समेत अन्य बीमारियों को लेकर अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए अजय भट्ट ने संबंधित अधिकारियों को रोगों की रोकथाम के लिए तत्काल हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसके लिए सांसद ने ढाई लाख रुपये सांसद निधि से देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को जल्द सुधारने और लोगों को जल जनित रोगों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

