दीपेन्द्र चौधरी ने उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग में आयुक्त पद की शपथ ली।
गुरजोत सिंह राठौर – सवांददाता
देहरादून, 02 सितंबर 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में दीपेन्द्र चौधरी को उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग में आयुक्त पद की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्य सचिव ने उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम का उद्देश्य आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी सभी की जिम्मेदारी है।
शपथ ग्रहण के बाद आयुक्त दीपेन्द्र चौधरी ने कहा कि वह आयोग द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य को और प्रभावी बनाने के लिए कार्य करने की बात कही।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय समेत शासन एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

